बनियाठेर। बुधवार की शाम थाना क्षेत्र के अलीपुर बुजुर्ग उर्फ बड़ा गांव में जाटव समाज के तेजपाल की बेटी की बरात आई थी। बरात चढ़त के दौरान डीजे पर बाबा साहब के गाने बजाए जा रहे थे। आरोप है कि जैसे ही बरात गांव के पोस्ट ऑफिस के निकट पहुंची तभी दूसरी जाति के लोगों द्वारा विरोध किया गया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए।
लड़की के पिता तेजपाल की ओर से थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बरात में बाबा साहब के गाने बज रहे थे, जिसका गांव के ही राम बहादुर, अजय, अमन, बबलू, प्रेमपाल व कुछ अन्य लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया और बरातियों के साथ गाली गलौज व मारपीट भी की। इसमें लोगों को चोटें भी आईं।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष एसएसआई रोशन अली ने बताया कि मामले में लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही मौके से राम बहादुर, रमन, प्रेमपाल, बबलू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।