संभल। सिटी मजिस्ट्रेट ने बृहस्पतिवार को शहर के तीन मदरसों में मिड डे मील को लेकर जांच की। जिसमें नामांकन की जानकारी भी ली गई। खामी मिलने पर मदरसों के हाजिरी और मिड डे मील रजिस्टर को कब्जे में ले लिया। यह जांच शासन स्तर पर हुई शिकायत के बाद शुरू हुई है। शुरुआती जांच में ही गोलमाल पाया गया है। गहनता से जांच के बाद कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि शासन स्तर पर प्रदेश के अनुदानित मदरसों को लेकर शिकायत हुई है। जिसे लेकर यहां भी जांच समिति गठित की गई है। बृहस्पतिवार को मदरसा सिराजुल उलूम और मदरसा हामिदिया अशरफ में जांच की गई। जिसमें मिड डे मील और उसकी गुणवत्ता को जांचा गया। मिड डे मील की गुणवत्ता ठीक मिली। अवलोकन करने पर पता चला कि हाजिरी रजिस्टर में बच्चों की संख्या कम है लेकिन मिड डे मील खाने वाले बच्चों की संख्या ज्यादा दिखाई जा रही है।
इस खामी को लेकर हाजिरी और मिड डे मील के रजिस्टर कब्जे में लिए गए हैं। इसके अलावा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने सरायतरीन के मोहल्ला बराहदरी में स्थित मदरसा जिया उल उलूम का भी निरीक्षण किया है। इस मदरसे से भी रजिस्टर जब्त कर लिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया यह तीनों ही मदरसे अनुदानित हैं और इनके जब्त रजिस्टरों की गहना से जांच की जाएगी। उसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ेगी।