संभल। असमोली के गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर में बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल पचास से अधिक लोग बीमार हैं। झोलाछाप से यह अपना उपचार करा रहे हैं। आर्थिक स्थिति जिनकी ठीक है, वह निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। बृहस्पतिवार को गांव निवासी अरुण (16) पुत्र हुकुम सिंह की मौत हो गई।
वह कक्षा 11 का छात्र था। करीब पंद्रह दिन से बुखार से पीड़ित था। बुधवार की रात्रि में हालात ज्यादा खराब होने पर मुरादाबाद ले गए थे, जहां उसकी मौत हो गई।
मोहम्मदपुर मालिनी में भी बुखार का प्रकोप है। इसके अलावा संभल ब्लॉक क्षेत्र के मोहम्मदपुर मालिनी समेत अन्य इलाकों में भी 50 से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। मोहम्मदपुर मालिनी गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दवाइयां दी हैं, तो सलेमपुर सलार में अभी तक टीमें नहीं पहुंची हैं।
मेरे परिवार के 15 सदस्य बीमार हो चुके हैं। तीन की हालत ज्यादा खराब है। इनमें मैं भी शामिल हूं। गांव में सरकारी स्तर से कोई उपचार नहीं मिला। कुलदीप
पहले परिवार के लोगों को बुखार आया था, तब मैंने देखरेख की थी अब मुझे बुखार आ गया है। सरकारी स्तर से कोई उपचार नहीं मिला है। मजबूरन झोलाछाप से उपचार करा रहे हैं। मोहम्मद कलीम
मुझे चार दिन से बुखार आ रहा है। लगातार बोतल लग रही है। जांच रिपोर्ट में टाइफाइड और इंफेक्शन होने की पुष्टि हुई है। झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं।
मोहम्मद आजम
दस दिन पहले परिवार के लोगों ने बुखार आने की बात कहकर मुझे बुलाया था। घर पहुंची तो मैं भी बुखार से पीड़ित हो गई। सरकारी स्तर से कोई उपचार नहीं मिल रहा है। सुनीता
आशा द्वारा सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर में ग्रामीणों के बीमार होने की जानकारी मिली है। शनिवार में गांव पहुंचकर शिविर लगाया जाएगा और बीमार लोगों को दवाई दी जाएगी। डॉ. पारूल, चिकित्साधीक्षक, असमोली