चंदौसी (संभल)। खुर्जा गेट की पुलिया के पास गड्ढे में पहिया आने बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे बाइक पर पीछे बैठी मोहल्ला खुर्जा गेट निवासी महिला सफाईकर्मी बबली (50) की सड़क पर गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
शहर के मोहल्ला खुर्जा गेट निवासी बबली पत्नी प्रदीप कुमार नगर पालिका में संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थी। वर्तमान में उसकी ड्यूटी फव्वारा चौक पर चल रही थी। शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे वह अपने भतीजे ध्रुव के साथ बाइक से ड्यूटी करके घर वापस आ रही थी। रास्ते में खुर्जा गेट स्थित पुलिया के पास बाइक का पहिया गड्ढे में आ गया। जिसके चलते बाइक अनियंत्रित हो गई और बबली सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन घायल महिला को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृतक घोषित कर दिया। मृतका के पांच बच्चे है। जिनमें तीन बच्चों की शादी हो चुकी है। दो बच्चे अभी अविवाहित है।