जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल में एक और गिरफ्तारी हुई है। मोहल्ला नाला निवासी सलीम पर बवाल के दौरान सीओ अनुज चौधरी पर गोली चलाने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह पुलिसकर्मियों से कारतूस लूट में भी शामिल था। उसके पास से पुलिसकर्मियों से लूटे गए पांच कारतूस और 312 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ है।
24 नवंबर को हुए बवाल में संभल कोतवाली में पांच और नखासा थाने में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। इसमें 40 नामजद और 2750 अज्ञात आरोपी बनाए गए थे। जिसमें 52 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। 450 आरोपियों की फोटो सामने आई है। इसमें 91 आरोपी ऐसे हैं जिनको वांछित घोषित कर दिया गया है।
यह आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे हैं। एसपी का कहना है कि इन आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी कराया जाएगा। यदि इसके बाद भी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो इनाम घोषित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।