ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र में गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवारों को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में
गांव कुतुबपुर सकता निवासी हरपाल सिंह (58) पुत्र गंगाराम और उनके दामाद खानचंद्र घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए असमोली सीएचसी भेजा। डॉक्टर ने हरपाल सिंह की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां मुरादाबाद ले जाते समय हरपाल ने दम तोड़ दिया।
हादसा तब हुआ जब थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर सकता निवासी हरपाल गांव सेवड़ा जसरतनगला निवासी अपने दामाद खानचंद्र के साथ बृहस्पतिवार की रात आठ बजे के करीब बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल पाली एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ऐंचोड़ा कंबोह में सिंडिकेट बैंक के नजदीक पहुंची तो सामने से आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने साइड से टक्कर मार दी। हादसे में हरपाल सिंह और खानचंद्र घायल हो गए। खानचंद्र ने फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली समेत चालक को कब्जे में ले लिया और दोनों घायलों को सीएचसी भेजा। सीएचसी में हरपाल सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां मुरादाबाद उपचार को ले जाते समय हरपाल सिंह दम तोड़ दिया। परिजन शव को अपने घर ले आए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी क्रांतिदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।