असमोली। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पिता के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पिता ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे उनकी पुत्री असमोली से घर लौट रही थी। इसी दौरान अलाउद्दीन ने सुनसान रास्ते में उसे रोककर छेड़छाड़ की।
युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। घर पहुंचकर युवती ने अपने पिता को पूरी बात बताई। बेटी की शिकायत लेकर पिता आरोपी के घर पहुंचे। वहां अलाउद्दीन और उसके भाई बाबू ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। उन्होंने जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
पुलिस ने बाबू और अलाउद्दीन निवासी गरवारा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें छेड़छाड़, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराएं शामिल हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।