बनियाठेर (संभल)। गांव आटा के पंवासा मोड़ पर शनिवार की दोपहर करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में रक्षाबंधन पर ससुराल जा रहे जनपद रामपुर के थाना शाहबाद के गांव करैती मझरा निवासी गौतम (35) और उसकी बेटी निधि (4) की मौत हो गई, जबकि पत्नी रजनी और छह माह की बेटी अवनी घायल हो गईं। पुलिस सभी को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां से डॉक्टरों ने महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जनपद रामपुर के थाना शाहबाद के गांव करैती मझरा निवासी गौतम पुत्र राम सिंह मेहनत मजदूरी कर परिवार को भरण पोषण करता था। रक्षाबंधन पर शनिवार को गौतम पत्नी रजनी और बेटियां निधि व अवनी के साथ बाइक से पंवासा स्थित ससुराल जा रहा था।
दोपहर करीब 3:30 बजे मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर थाना बनियाठेर के गांव आटा से पंवासा की ओर जा रहे मोड़ पर पहुंचने पर बहजोई की ओर से आ रही ईको कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सड़क पर गिर गई और बाइक सवार सभी लोग हवा में उछल कर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी ले आई। जहां चिकित्सक ने गौतम और निधि को मृत घोषित कर दिया, जबकि रजनी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।