चंदौसी (संभल)। कृषि विभाग ने अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों को 16 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थी का चयन ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फार इन सीटू मैनेजमेंट योजना के तहत किसानों को अनुदान पर पराली प्रबंधन के कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। विभागीय दर्शन पोर्टल पर यंत्र अनुदान के लिए 16 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन वाले कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 प्रतिशत व कस्टम हायरिंग सेंटर पर अधिकतम 80 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थी का चयन ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। योजनांतर्गत फसल अवशेष वाले कृषि यंत्रों के लिए पंजीकृत कृषक व कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए ग्रामीण उद्यमी और एफपीओ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय ही कृषक को यंत्रवार निर्धारित जमानत धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। लक्ष्य अवशेष न रहने पर एवं ई-लाटरी में चयनित न होने वाले संबंधित कृषकों की जमानत धनराशि वापस कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दस हजार एक रुपये से एक लाख रुपये तक अनुदान के कृषि यंत्रों पर जमानत धनराशि 25 सौ रुपये होगी। एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों पर जमानत धनराशि पांच हजार रुपये होगी।