बुधवार को गांव सैंडा के किसानों ने दस दिन से लो-वोल्टेज की समस्या होने पर विद्युत निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। उनका आरोप है कि निगम के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है जबकि फसलों को सिंचाई के लिए बिजली की सबसे ज्यादा जरूरत है। किसानों ने अफसरों से जल्द समाधान किए जाने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों व किसानों ने बताया लो वोल्टेज बिजली की समस्या होने के चलते किसानों के निजी नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। जिससे किसानों की धान की फसल सूख रही है। समय से अगर फसल की सिंचाई नहीं हुई तो फसल बर्बाद हो जाएगी। बताया कि सेंडा बिजली घर क्षेत्र के 25 गांव के किसान पिछले 10 दिन से लो-वोल्टेज की शिकायत विभाग के अधिकारियों से कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। किसानों का आरोप है कि बिजली घर पर तैनात अवर अभियंता का रवैया किसानों के प्रति ठीक नहीं हैं। शिकायत करते हैं तो जेई बिजलीघर से बाहर निकलने को कहते हैं। जबकि किसानों ने विद्युत विभाग का बकाया भुगतान जून माह में ओटीएस योजना के तहत कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान रामकुंवर सिंह, इंद्रपाल सिंह यादव, दिनेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, बृजेश सिंह, हरविंदर सिंह, रामफल सिंह, राजवीर, गुरुदयाल, रतनलाल, जयदेव सिंह व लल्लू सिंह आदि मौजूद रहे।