सरायतरीन (संभल)। बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को किसौली और अतरासी गांव के किसानों ने एसडीओ देहात के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की। साथ ही समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
गांव किसौली निवासी वेदपाल सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिन से बिजली सप्लाई नहीं मिली है, जिससे पशुओं को पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। धान की फसल सूख रही है। लगातार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जबकि विद्युत कटौती की समस्या को लेकर 22 जुलाई को भी सब डिवीजन के एसडीओ देहात से मामले में शिकायत की गई थी लेकिन 11 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बताया कि शासन ने ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे बिजली सप्लाई दिए जाने के आदेश दिया है लेकिन कागजों में ही 18 घंटे बिजली सप्लाई मिल रही है। हकीकत में दो-चार घंटे ही मिल रही है। विद्युत विभाग के अधिकारी मनमानी पर उतारू हैं। इस दौरान विद्याराम सिंह, भुवनेश कुमार, शीशपाल, राजवीर सिंह, वीरपाल सिंह, प्रकाश सिंह, आराम सिंह, मनोज कुमार, मुलायम सिंह, करन सिंह, भूरे सिंह, रनवीर सिंह, चेतराम आदि रहे।