बहजोई (संभल)। गांव चंदनकटी चूहा में मंगलवार को भाकियू टिकैत की पंचायत हुई। जिसमें पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान कराने की रणनीति बनाई।
जिलाध्यक्ष मनपाल सिंह यादव ने कहा कि गुन्नौर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर लापरवाही की जा रही है। कनेक्शन व बिल के नाम से किसानों का शोषण किया जा रहा है। ग्रामीण अंचलों में किसानों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। पशुओं का टीकाकरण नहीं किया जा रहा है और एंटी लार्वा का छिड़काव भी नहीं किया गया है। इससे बीमारी का खतरा है। बेवजह ग्रामीणों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। इसको लेकर बीते दिनों भाकियू का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से भी मिला था। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी संगठन का विस्तार करने को लेकर अपने-अपने क्षेत्र में जुट जाएं। किसान होंसला बनाए रखें। अब किसी भी कीमत पर किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता नहीं दिखाता, तो संगठन की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पंचायत के दौरान गुन्नौर क्षेत्र के कई किसानों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में मंडल सचिव राजपाल सिंह समेत जिला कोषाध्यक्ष संजीव यादव, बिजेंद्र सिंह यादव, रनवीर सिंह, मोहरपाल सिंह, कालीचरन व महेश यादव आदि रहे।