संभल। भारतीय किसान यूनियन व संयुक्त किसान मोर्चा ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतों के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू ने कृषि कानूनों की वापसी व एमएसपी की गारंटी विधेयक लाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत इतनी बढ़ गई है कि आम आदमी परेशान है। ऐसे में लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। सरकार आम आदमी के बारे में कुछ नहीं सोच रही। शोषण किया जा रहा है।
सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर पहुंचे भाकियू के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह व संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आए पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम दीपेंद्र यादव को सौंपा। इसमें वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम सरकार ने बहुत बढ़ा दिए हैं। इन बढे़ दामों से आम लोगों को मुश्किल हो रही है। सामान्य वर्ग के लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा है और कमजोर वर्ग तो रसोई गैस का इस्तेमाल ही नहीं कर पा रहा है। इसमें वक्ताओं ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग उठाई और एमएसपी पर गारंटी विधेयक लाने की मांग की।