सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बबनपुरी कलां के जंगल में मध्य गंगा नहर की पुलिया न बनने से नाराज किसानों ने बृहस्पतिवार को नहर की खोदाई बंद कराकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक पुलिया निर्माण शुरू नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।
भाकियू अराजनैतिक के जिला प्रमुख महासचिव शीशपाल सिंह यादव के नेतृत्व में किसान मौके पर पहुंचे और जेसीबी बंद करा दी। इस दौरान अवर अभियंता से तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों ने बताया कि पुलिया की मांग को लेकर पिछले चार साल से डीएम, एडीएम और नहर विभाग को शिकायतीपत्र दिए जा रहे हैं, लेकिन हर बार आश्वासन देकर टाल दिया गया।
जिला प्रमुख महासचिव ने कहा कि चार साल से पुलिया के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। बृहस्पतिवार को मनमाने तरीके से खुदाई शुरू कर दी। 50 मीटर पर पानी खड़ा है, अगर छोड़ दिया तो हजारों बीघा धान बर्बाद हो जाएगा। जब तक पुलिया का काम शुरू नहीं होगा, नहर का निर्माण नहीं होने देंगे। धरने में बहजोई ब्लॉक अध्यक्ष भान सिंह यादव, राजेंद्र यादव, भाग्य सिंह, रामौतार, गिरधारी, ब्रजपाल, राधे सिंह, ऋषिपाल, छोटेलाल समेत कई किसान मौजूद रहे।