संभल। क्षेत्र के गांव खिरनी मोहिउद्दीनपुर स्थित सहकारी समिति पर शनिवार को किसानों ने समिति के सचिव पर एनपीके खाद की कालाबाजारी की आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल सका, जिस पर किसान मायूस होकर लौट गए।
शनिवार को खिरनी मोहिउद्दीनपुर स्थित सहकारी समिति पर किसान एनपीके खाद लेने पहुंचे। जहां पर किसानों ने समिति के सचिव पर खाद की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता वीरेंद्र प्रकाश उपाध्याय ने समिति के सचिव से हंगामे की जानकारी की तो उन्होंने बताया कि किसान नंबर लगाने को लेकर हंगामा कर रहे थे। एआर कोऑपरेटिव ने बताया कि नियम के अनुसार ही किसानों को एनपीके खाद मिलेगा। सहकारी समिति और क्रय-विक्रय समिति के सचिवों को पहले से ही निर्देशित किया गया है। निर्धारित रेट से अधिक पैसे लेने की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इन दिनों आलू का बीज लगाया जा रहा है, इसके लिए खाद की जरूरत है लेकिन खाद नहीं मिल रहा है। पवांसा, साकिन शोभापुर, चिरौली भगवंतपुर, हयातनगर के गोदामों में एनपीके खाद नहीं है। जिम्मेदारों का कहना है कि सोमवार को ही पता लग पाएगा कि एनपीके खाद कब तक समिति को मिलेगा।
बोले किसान
शनिवार को एनपीके खाद लेने के लिए सुबह 11 बजे से लाइन में लगे हुए थे। इसके बावजूद भी देर शाम तक खाद नहीं मिल सका। समिति के अधिकारी मिलीभगत करके खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। -पप्पू सिंह, गांव खिरनी मोहिउद्दीनपुर
क्रय-विक्रय समिति पर एनपीके खाद की कालाबाजारी की जा रही है। लाइन में लगे किसानों को खाद नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर जिला प्रशासन भी उदासीन है। नियमों के विपरीत जाकर वितरण हो रहा है। -वेदप्रकाश, गांव नूरपुर ततारपुर