धनारी। सिंचाई करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान का शव खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन व पुलिस किसान की मौत ठंड से होने की बात कह रहे हैं। किसान की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।
थाना धनारी क्षेत्र के गांव कीरतपुर निवासी किसान सोमवीर (27) शुक्रवार की रात करीब आठ बजे खेत में सिंचाई करने के लिए घर से खाना खाकर गया था। ट्यूबवेल पर उसका चचेरा भाई चंद्रभान सिंह, ट्यूबवेल मालिक बदन सिंह भी थे। रात के समय सोमवीर ट्यूबवेल से खेत की क्यारी में सिंचाई की स्थिति देखने गया था और वापस नहीं आया।
शनिवार की सुबह करीब छह बजे ट्यूबवेल पर सो रहा चचेरा भाई चंद्रभान सिंह सोमवीर को खेत में देखने गया। वहां सोमवीर का शव पड़ा मिला। उसने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन व पुलिस मौत का कारण ठंड लगना बता रहे हैं।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र गंगवार ने बताया कि किसान अपने खेत में सिंचाई करने गया था। वहां ठंड लगने से उसकी मौत हो गई। शव को पीएम के लिए भेज दिया है। जिससे मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सके।