धनारी(संभल)। गांव मानकपुर में खेत की सिंचाई करने गए किसान की करंट से मौत हो गई। शव ट्रांसफार्मर से लटका मिला। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
धनारी क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी किसान मुखराम (45) बृहस्पतिवार की शाम को घर से खाना खाने के बाद खेत की सिंचाई करने के लिए नलकूप पर गए थे। ट्रांसफार्मर से नलकूप का तार हटने पर बिजली आपूर्ति रुक गई थी और नलकूप संचालित नहीं हो पा रहा था। वह रात में ही अकेले ट्रांसफॉर्मर पर तार जोड़ने के लिए चढ़ गए। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। पूरी रात उनका शव ट्रांसफार्मर पर लटका रहा। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के ही किसान खेत पर जा रहे थे, उन्होंने ट्रांसफॉर्मर पर शव लटके देखा। घटन की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने शव को किसी तरह से नीचे उतारा। परिजन वहां से शव को घर ले आए। परिजनों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के तीन बेटे व एक बेटी हैं, सभी शादीशुदा हैं।