सौंधन(संभल)। कैलादेवी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक अविवाहित 30 वर्षीय किसान ने छोटे भाई से मारपीट के बाद खेत पर जाकर पाखड़ के पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के गंगाघाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
एक गांव निवासी किसान चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी भी नहीं हुई थी। वह परिवार के साथ रहता था। बृहस्पतिवार को रात वह अपने दोस्त के साथ घर पर बैठा था। तभी उसका दूसरे भाई से विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें छोटे भाई के सिर में चोट लग गई। जिस पर उसकी पत्नी ने किसान के साथ गाली गलौज की। उससे घर में नहीं घुसने की बात कही।
नाराज होकर किसान खेत पर चला गया। वहां पाखड़ के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटक गया। शुक्रवार को सुबह जब पड़ोसी खेत स्वामी गेहूं फसल काटने गए तो किसान को लटका देखा। इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे उतार कर घर ले गए, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के गंगा घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही किसी ने थाने आकर सूचना दी है। संवाद