संभल। छेड़खानी पीड़िता के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। गुस्साए परिजनों ने पहले थाने और बाद में जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने नाबालिग बेटी से छेड़खानी के मामले में 15 अक्तूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को पीड़िता मेडिकल कराने के लिए परिजनों के साथ थाने पहुंची थी। जहां पर परिजनों ने हंगामा करते हुए पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया। बाद में पुलिस पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल पहुंची तो परिजनों ने वहां पर भी हंगामा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कराने के लिए दो बार नोटिस दिया जा चुका है। शनिवार को पीड़िता का मेडिकल कराया है। इसके बाद परिजनों को सुपुर्द कर दी गई। मारपीट का आरोप पूरी तरह गलत है।