संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव भारतल सिरसी के जंगल में अमरोहा के थाना रहरा अंतर्गत गांव उकावली निवासी सुभाष (35) पुत्र करन सिंह का शव बृहस्पतिवार को पेड़ से लटका मिला था। मृतक के भाई प्रवीण ने शुक्रवार को हत्या की आशंका जताई है और कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है।
प्रवीण ने तहरीर में बताया है कि उसका भाई छह जून को लग्न समारोह में शामिल होने के लिए गांव भारतल सिरसी स्थित ससुराल आया था। बृहस्पतिवार को आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। मृतक के भाई का आरोप है कि उसके भाई की हत्या की गई है। ससुर पर 90 हजार रुपये उधार आ रहे थे। रुपये मांगने पर विवाद होता था और ससुर ने भी रुपये देने से इनकार कर दिया था।
इसलिए साजिशन हत्या कर दी गई। हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप मृतक की पत्नी पर भी लगाया गया है। वहीं थाना प्रभारी योगेश कुमार का कहना है कि मृतक के परिजन थाने आए थे लेकिन अभी कार्रवाई के लिए मांग नहीं की है। यदि तहरीर तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।