मेंथा व्यवसायी काो सम्मानित करते उप मुख्यमंत्री ।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ की इवेस्टर्स समिट में शामिल संभल जिले के उद्यमियों में अब और उत्साह है। वह औद्योगिक माहौल बनाने के लिए किए गए सरकारी प्रयासों को देखकर अभिभूत हैं। उन्हें प्रदेश में बदलाव की उम्मीदें हैं। प्रदेश में जहां करीब साढ़े चार लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए हैं वहीं संभल जिले के उद्यमियों ने 246 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर सहमति दी है। सरकार की योजनाओं और अनुदान संबंधी योजनाओं का अध्ययन करके उद्यमी अपने कदम आगे बढ़ाएंगे। एमओयू साइन होने के बाद अब धरातल पर उद्योगों की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।
लखनऊ में प्रदेश सरकार की पहल पर 21 व 22 फरवरी को एक बड़ी इनवेस्टर्स समिट आयोजित की गई है। यूपी के इतिहास में इतनी बड़ी इनवेस्टर्स समिट पहले कभी नहीं हुई। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इंतजामों और केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक के मंत्री एक छत के नीचे उद्यमियों से मिल रहे थे। उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकारी तंत्र मौजूद था। कुछ सौगातों के साथ उद्योग स्थापित करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूती के साथ लागू करने का एलान सरकार ने किया है। उद्यमी इससे उत्साहित हैं। आने वाले दिनों में जहां प्रदेश में इसका असर आएगा वहीं संभल जिले में भी उद्योगों का माहौल बनेगा।
इस बीच लखनऊ में संभल जिले के उन उद्यमियों को सम्मानित किया गया है जो सरकार की नई नीति के अनुरूप अपने निवेश कर रहे हैं। इस मौके पर संभल से प्रभात मेहरोत्रा, वीरेंद्र गोयल और नितिन गर्ग मौजूद रहे। लखनऊ से लौटकर सलेक्ट सिटी माल के निर्माता डा. अरविंद गुप्ता ने कहा कि मोदी और योगी सरकार के प्रयासों से यूपी में उद्योगों का माहौल बन रहा है। अगर सब कुछ ठीक ठाक चला तो संभल जिले में खाद्य प्रसंस्करण की नई इकाइयां लगेंगी।