चंदौसी (संभल)। परिषदीय विद्यालय में नया शैक्षिक सत्र एक अप्रैल शुरू हो गया है। लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी कक्षा एक व दो के विद्यार्थियों को अभी तक किताबें तक नहीं मिल पाई हैं। ऐसे में कक्षा एक व दो के विद्यार्थी बिना किताबों के विद्यालय पहुंच रहे है।
जिले में 1289 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय संचालित है। इनमें करीब दो लाख बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। शासन परिषदीय विद्यालयों को निजी स्कूलों की तर्ज पर विकसित करना चाहता है। इसके तहत इन विद्यालयों में निशुल्क शिक्षा, विद्यालय में ही मध्याह्न भोजन से लेकर निशुल्क किताबें तक उपलब्ध कराई जाती हैं। इस बार शासन ने परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक और दो के बच्चों की पढ़ाई राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पुस्तकों से कराने का निर्णय लिया है। लेकिन विभाग ने कक्षा तीन से आठ तक की किताबें तो स्कूलों में पहुंचा दी हैं। मगर, नए सत्र शुरू होने के बाद भी कक्षा एक व दो की लगभग 1,95,754 किताबें स्कूल तक नहीं पहुंची। नए शैक्षिक सत्र शुरू होने के तीन महीने बाद भी कक्षा एक व दो के बच्चें बिना किताबों के स्कूल पहुंच रहे हैं। ऐसे में शिक्षक-शिक्षिकाएं उन्हें शैक्षिक कलैंडर के अनुसार रोजाना की एक्टिविटीज करा रहे है।
वर्जन
शैक्षिक कलैंडर के अनुसार कक्षा एक व दो के बच्चों को रोजाना गतिविधियां कराकर उनका मानसिक व शारीरिक विकास किया जा रहा है। शासन द्वारा अभी कक्षा एक व दो की पुस्तकें नहीं मिल पाई है। उम्मीद की जा रही है कि जुलाई के दूसरे सप्ताह में सभी परिषदीय स्कूलों में किताबें पहुंच जाएंगी। -विनोद कुमार, कार्यवाहक बीएसए, संभल