सरायतरीन। पवांसा के कश्यप मोहल्ले में कीचड़ और जलभराव से जिलाधि कारी से शिकायत करने के बाद भी निजात नहीं मिली। ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने औपचारिक तरीके से कुछ भराव करा दिया है लेकिन कीचड़ और जलभराव के हालात बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव ने दो ट्रैक्टर ट्रॉली से रोड़े और रवीश डलवाई है। जिससे की बरसात का पानी ना जाए। जबकि अभी भी कई परिवार बरसात के पानी से परेशान हैं। खंड विकास अधिकारी के द्वारा ग्राम पंचायत सचिव अंकित गौतम और ग्राम प्रधान धर्मवती के खिलाफ नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब मांगा गया है। मालूम हो सोमवार को कश्यप मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला की बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
जलभराव और कीचड़ के चलते दूसरे स्थान पर शव लेकर परिवार को जाना पड़ा था। बुजुर्ग महिला के बेटे ने ही शिकायत कर समाधान की मांग की थी। इस मामले में जब खंड विकास अधि कारी रिजवान हुसैन से जानकारी की तो उन्होंने बताया कि गांव पवांसा में स्थित कश्यप मोहल्ले में कीचड़ और जलभराव की शिकायत पर तालाब की ओर जेसीबी से नाला बनाया गया है। इस मामले में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ नोटिस भी जारी किया गया है।