सरायतरीन। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर में मनरेगा योजना के अंतर्गत मॉडल शॉप निर्माण में बिना कार्य उपस्थिति दर्ज करने से मना करने पर रोजगार सेवक के साथ मारपीट की गई। यह मामला पुलिस तक पहुंच गया है। बीडीओ ने भी थाना प्रभारी से जांच करके रिपोर्ट दर्ज करने को कहा है। गांव मुजफ्फरपुर के निवासी रोजगार सेवक बृजेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में मनरेगा योजना के अंतर्गत मॉडल शॉप का निर्माण कार्य पंचायत सचिवालय के पास में किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को निर्माण कार्य के दौरान ग्राम प्रधान अपने एक साथी के साथ आए और अपने परिवार के लोगों की मनरेगा योजना में बिना कार्य किए ही उपस्थिति दर्ज करने को कहा। विरोध करने पर मारपीट करने लगे। मॉडल शॉप निर्माण और मनरेगा योजना के दस्तावेज भी फाड़ दिए।
शोर शराबा करने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जिन्हें देखकर ग्राम प्रधान अपने साथियों के साथ मौके से चले गए। इस मामले में शुक्रवार को बीडीओ अमरजीत सिंह ने हयातनगर थाना प्रभारी को लिखित में पत्र भेजकर मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की मांग की है।