चंदौसी। स्मार्ट मीटर को लेकर चर्चा थी कि रिचार्ज खत्म होते ही तुरंत बिजली कट जाएगी। साथ ही रिचार्ज कराने के घंटों बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होती है। ऐसी चर्चाओं पर मुख्य अभियंता (विद्युत वितरण), मुरादाबाद क्षेत्र नीरज गर्ग ने विराम लगाया है। उनका कहना है रिचार्ज खत्म होने पर बिल भुगतान के लिए उपभोक्ता को भुगतान के लिए तीन दिन का समय दिया जाएगा। इस अवधि में भी बिल का भुगतान नहीं होता है तो स्मार्ट मीटर से ही सप्लाई बंद हो जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्य अभियंता ने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर से उपभोक्ता घर बैठे रीडिंग देख सकते हैं और अपने बिजली बिल का भुगतान स्वयं कर सकते हैं। स्मार्ट प्रीपेड मीटरों का स्वतः विच्छेदन शाम छह बजे से सुबह 08 बजे के बीच नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक राष्ट्रीय अवकाश की तिथियों में भी विच्छेदन नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं द्वारा कराए गए प्रत्येक रिचार्ज की धनराशि के बारे में सूचना एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यूपीपीसीएल स्मार्ट एप बनाया गया है, जिसे बिजली उपभोक्ता डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बैलेंस अलर्ट और उपभोग की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से नियमित रूप से भेजी जाती है। बैलेंस को मोबाइल एप एवं स्मार्ट मीटर डिस्प्ले पर भी देखा जा सकता है। खास बात यह है कि बिजली कटने के बाद, रिचार्ज करने के दो घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल हो जाती है। अगर ऐसा नहीं होता है तो 1912 पर कॉल करके या व्हाट्सएप से इसकी जानकारी दी जा सकती है।