चंदौसी। शक्तिनगर कॉलोनी में चौड़ीकरण के बाद सड़क के बीच खड़े रह गए बिजली के खंभे हटा कर पीछे नाले किनारे लगाए जाएंगे। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर मामले को संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एसडीएम आशुतोष तिवारी ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से फोन पर वार्ता कर सड़क के बीचों-बीच खड़े खंभों को तुरंत हटाकर साइड में लगाने के निर्देश दिए।
बता दें कि नवंबर 2024 में नगर को बारिश के पानी से होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। सुभाष रोड, शक्तिनगर, गोशाला रोड, संभल गेट, मुंसिफ रोड, सीता रोड आदि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण अभियान चलाया गया था। उसी समय शक्तिनगर में नाला निर्माण और सड़क निर्माण कराया गया।
आलम ये हैं कि सड़क का चौड़ीकरण तो कई माह पहले पूरा हो चुका है। लेकिन चौड़ीकरण में सड़क किनारे खड़े बिजली के खंडे अब काफी आगे तक आ चुके हैं। यहां करीब 7-8 बिजली के खंभे नाली से करीब 2 से 3 मीटर आगे तक खड़े हुए हैं। कोहरे में हादसे का खतरा बन सकते हैं।
अमर उजाला ने सर्दी और कोहरे की दस्तक को देखते हुए प्रमुखता से इस समस्या को उठाते हुए एक नवंबर के अंक में चौड़ीकरण के बाद बीच सड़क छोड़े बिजली के खंभे, हादसे का खतरा हेडिंग से खबर प्रकाशित की थी। मंगलवार को खबर का संज्ञान लेकर एसडीएम आशुतोष तिवारी, नगर पालिका के जेई अमित कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
मौके से फोन पर अधिशासी अधिकारी दीपलव श्रीवास्तव से वार्ता कर सड़क के बीचों बीच खड़े बिजली के खंभों को पीछे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि खंभे हटाने के दौरान खोदाई से बनने वाले गड्ढों को तुरंत भरा जाए ताकि यातायात प्रभावित न हो।
वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क के टूटे किनारों को ठीक कराने की मांग की। इस पर एसडीएम ने जेई अमित कुमार को निर्देशित किया। इस दौरान सड़क पर खड़े चार पाहिया वाहनों को देखकर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त और टीएसआई को बुलाकर सड़क पर खड़े वाहनों के चालान भी काटे।