बबराला (संभल)। गुन्नौर क्षेत्र के फरीदपुर गांव के उपभोक्ताओं पर बिजली निगम को लाखों रुपये का बकाया होने पर विभाग ने गांव की बिजली काट दी है। जिससे तीन दिन से गांव में अंधेरा पसरा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लगातार प्रयास के बाद भी उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे थे। जिसके बाद गांव की आपूर्ति काटनी पड़ी।
क्षेत्र के फरीदपुर गांव में करीब 163 बिजली उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं पर विभाग का लाखों रुपये का बिल बकाया है। कई बार यहां विभाग ने शिविर लगाकर बिल वसूली की कोशिश की है, लेकिन बकायेदारों ने बिल जमा नहीं किया। यहां तक कि वर्तमान में ब्याज माफी का लाभ देने के लिए चल रही एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू होने के बावजूद बकायेदारों ने रुचि नहीं दिखाई। जिसके बाद विभाग ने गांव की आपूर्ति काटने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मुख्य लाइन काट दी। जिसके बाद पूरे गांव की आपूर्ति ठप हो गई। तीन दिन से गांव के लोग अंधेरे में हैं। बिजली से चलने वाले उपकरण ठप पड़े हैं। मोबाइल चार्ज करने के लिए उन्हें कस्बे की ओर दौड़ना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत पानी की है। ग्रामीणों में शामिल कुछ लोगों का कहना है बच्चों की परीक्षा शुरू होने वाली है। ऐसे में उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि गांव में 163 उपभोक्ता हैं। जिसमें से 10 उपभोक्ताओं ने बिल जमा कर दिया है। शेष उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किया है। अब बकाया जमा होने के बाद ही गांव की विद्युत आपूर्ति शुरू की जाएगी।