संभल। जिले में विद्युत आपूर्ति नहीं सुधर पा रही है। जनपद के अधिकांश इलाकों में आपूर्ति बदहाल है। आलम यह है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक खूब अघोषित कटौती हो रही है, कई इलाकों में बीते 24 घंटे में महज 3-4 घंटे ही आपूर्ति मिल सकी है। भीषण गर्मी और उमस में बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। जिले में विद्युत आपूर्ति सुधारने को लेकर तरह-तरह की कवायदें की जा रही हैं लेकिन इसके बावजूद विद्युत आपूर्ति दुरुस्त नहीं हो पा रही है।
शासन की ओर से नगरीय इलाकों को 24 घंटे व ग्रामीण इलाकों को 18 घंटे आपूर्ति का रोस्टर निर्धारित किया गया है लेकिन यह जिले में कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा। आलम यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं 3 से 4 घंटे तो कहीं 2 से 4 घंटे की आपूर्ति मिल रही है। सबसे खराब हालत पिछले चार दिनों से असमोली ब्लॉक क्षेत्र के टांडाकोठी बिजलीघर से जुड़े गांवों की है। पिछले चार दिनों में आठ से दस घंटे तक ही बिजली की आपूर्ति हो सकी है। इसके चलते कई गांवों में स्थापित पेयजल नलकूप बंद पड़े हैं।
लोगों के घरों में बिजली से चलने वाले वाटर पंप के साथ ही अन्य उपकरण शोपीस बने हुए हैं। इतना ही नहीं बिजली के अभाव में मोबाइल टावर भी नहीं चल पा रहे हैं जिससे नेटवर्क की समस्या भी बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार बिजली की आपूर्ति शुरूहोने के कुछ मिनट बाद ही गायब हो जाती है जो घंटो बाद लौटती है। नलकूप की बिजली का भी बुरा हाल है। धान की रोपाई के लिए भरपूर पानी नहीं मिल रहा है। लगातार एक घंटे भी बिजली कभी नहीं रहती है। आधी रात तक बिजली ट्रिपिंग करती रहती है।