सिरसी। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर चमारान में भूसी से भरे ओवरलोड ट्रक से एक विद्युत पोल टूट गया। घटना के समय बिजली आ रही थी। गनीमत रही कि बड़ा हादसा बच गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर एक बजे के करीब भूसी से भरा ओवरलोड ट्रक सैंधरी की ओर से ईसागढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक शाहपुर चमारान में इंटर कॉलेज के सामने आया तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन उसकी चपेट में आ गई। जिससे तार और विद्युत पोल टूट गया।
तभी आसपास के लोगों ने शोर मचाकर ट्रक को रोक लिया और तार टूटने की सूचना बराही बिजली घर को दी। बिजली घर से सप्लाई बंद कराई गई। लोगों की सूझ बूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। लोगों ने ट्रक और चालक को पकड़कर फतेहउल्ला गंज पुलिस चौकी को सौंप दिया। सूचना पर जेई मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए।