नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा में एक लाख रुपये का तकादा करने पर शुक्रवार सुबह 8.30 बजे हमलावरों ने इलेक्ट्रीशियन को घर से खींच लिया और गोली मार दी। गोली गर्दन के पीछे लगी। परिजन घायल इलेक्ट्रीशियन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का जायजा लिया। इलेक्ट्रीशियन की पत्नी की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर पांच लोगों के िख्ालाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा निवासी नाजिम उर्फ भूरा पहले पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। लगभग दो साल पहले से उसने इलेक्ट्रीशियन का काम शुरू किया। नाजिम उर्फ भूरा के मोहल्ले के ही एक युवक पर एक लाख रुपये उधार थे। जिन्हें अदा करने के लिए तकादा किया जा रहा था। इसे लेकर विवाद चल रहा था। इस मसले को लेकर 19 अप्रैल को मोहल्ले में ही पंचायत हुई थी। तब युवक ने दो-चार दिन में रुपये देने का वादा किया था। शुक्रवार सुबह 8.30 बजे नाजिम उर्फ भूरा घर पर था। आरोप है कि पांच लोग घर पर आए और दरवाजा पीटने लगे। जैसे ही नाजिम उर्फ भूरा ने दरवाजा खोला तो उसे खींच लिया गया। हमलावरों से विवाद होने लगा। हमलावर पंचायत में हुई बातचीत को लेकर नाराज थे। कुछ दूरी पर ले जाकर नाजिम उर्फ भूरा को गोली मार दी गई।
गोली गर्दन के पीछे लगी। हमलावर भाग गए। इस वारदात से दहशत का माहौल हो गया। परिजन और आसपास के लोग पहुंचे। नाजिम उर्फ भूरा को जिला अस्पताल लाया गया। डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल देखा। पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि ने जिला अस्पताल में परिजनों से जानकारी ली। फिर मौके पर पहुंचे। उन्होंने हमलावरों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में नाजिम उर्फ भूरा की पत्नी नाहिद परवीन की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है। सीओ सुदेश कुमार ने बताया कि नाजिर, आजम, शाकिर और शुएब के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दबिश दी। लेकिन आरोपी घर छोड़कर भाग गए।