बहजोई। ईद की नमाज धार्मिक स्थल परिसर में ही अदा करें। किसी भी हालत में रास्ते पर नमाज नहीं होगी। यह बात डीएम मनीष बंसल ने कही। वह बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में धर्म गुरुओं समेत दोनों समुदायों के लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक कर रहे थे।
ईद व रामनवमी को लेकर पीस कमेटी की बैठक करते समय डीएम ने कहा कि नवरात्र, रामनवमी व आंबेडकर जयंती आदि पर किसी भी प्रकार के चुनाव के प्रचार-प्रसार से बचें। ऐसा करने पर प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार के राजनैतिक कार्यक्रम के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी है। इस बीच डीएम ने जिले भर के नगर क्षेत्रों में ईओ व ग्रामीण अंचलों में डीपीआरओ से आगामी त्यौहारों पर सभी धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने को कहा। वहीं निर्वाध पेजयल आपूर्ति की बात भी कही। इसके अलावा विद्युत निगम के अधिकारियों से बिजली व्यवस्था भी चौबंद बनाए रखने को कहा।
एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि ईदगाह आदि स्थलों पर ही नमाज अदा की जाए। सभी थाना प्रभारी ध्यान दें, नमाज अदा करने को लेकर कहीं भी विवाद की स्थिति न होने पाए। लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू है। किसी भी धार्मिक स्थल पर चुनाव प्रचार नहीं होने दिया जाएगा। त्यौहारों पर सभी भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती रहे। सभी नगर पालिकाएं ध्यान दें। किसी भी नमाज वाले स्थान पर कोई भी पशु न पहुंचने पाए। आंबेडकर जयंती पर जुलूस व कार्यक्रम आदि को लेकर नई परंपरा डालने से बचें। किसी भी कार्यक्रम के लिए अनुमति लें। जुलूस वाले रास्ते तथा नीचे लटके हुए तारों आदि को दुरुस्त कराएं। संचालन एडीएम प्रदीप वर्मा ने किया। इस बीच एडीएम न्यायिक सुनील कुमार चौबे समेत एएसपी श्रीश्चंद्र व अनुकृति शर्मा, एसडीएम विनय कुमार मिश्रा व रमेश बाबू, डिप्टी कलक्टर दीपक कुमार चौधरी व वंदना त्रिपाठी, सीओ दीपक कुमार तिवारी व डॉ. प्रदीप कुमार, एलआईयू इंस्पेक्टर अशोक कुमार समेत विद्युत निगम के सभी एक्सईएन, विभागीय अधिकारी, कोतवाली व थाना प्रभारी तथा पीस कमेटी के सदस्य रहे।
पीस कमेटी की बैठक में आगामी त्यौहारों को लेकर लोगों ने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों के सामने अपनी-अपनी समस्या जाहिर की। बहजोई देहात निवासी लक्ष्मीबाबू ने गांव में बिजली की समस्या रखते हुए कहा कि गांव में बिजली व्यवस्था खराब है। कई बार तो उपभोक्ताओं को दो-दो दिन बिजली नहीं मिल पाती। वहीं बबराला के बुद्ध बिहार में आंबेडकर जयंती पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर साप्ताहिक बाजार हटाए जाने की मांग की गई। वहीं आंबेडकर जयंती पर निकले वाले जुलूस को लेकर हयातनगर के पैठ बाजार में हो रहे अतिक्रमण आदि को हटाए जाने की मांग उठी। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का समय रहते निस्तारण कराए जाने को कहा।