जुनावई (संभल)। मेरठ-बदायूं हाईवे पर सोमवार की शाम बाइकों की भिड़ंत में घायल धनीपुर गांव निवासी रामवीर (56) की अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में दूसरा बाइक सवार बुलंदशहर निवासी नासिर भी घायल हुआ था।
गांव धनीपुर निवासी ओमकार सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे मेरठ-बदायूं हाईवे किनारे उनके तहेरे भाई रामवीर बाइक खड़ी कर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान बुलंदशहर जिला निवासी नासिर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में भाई रामवीर और दूसरी बाइक सवार नासिर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। देर रात करीब नौ बजे उपचार के दौरान रामवीर ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मंगलवार को शव धनीपुर गांव लाया गया तो परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पूर्व मंत्री अजीत सिंह यादव ने घर पहुंचकर शोक जताया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।