नरौली (संभल)। नगर में देररात अपनी बेटी से मिलने आ रहे बरेली जनपद के सद्दीक (60) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई, जबकि बाइक सवार परवेज घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है।
बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के खेड़ा महौलिया के निवासी सद्दीक सोमवार को नरौली के मोहल्ला कन्या पाठशाला में अपने दामाद रहीस के घर आ रहे थे। वह रात नौ बजे करीब टेंपो से नरौली आए। बताते हैं कि सड़क पार करते समय उन्हें संभल कोतवाली क्षेत्र के गांव हिंडौली के रहने वाले बाइक सवार परवेज ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग और बाइक सवार दोनों घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को नरौली सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर जाते समय रास्ते में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। जबकि परवेज का संभल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी मोहित काजला ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।