नरौली। अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र में कालाखेड़ा शुगर मिल के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से गाड़ी टकरा गई। हादसे में चालक सहित नरौली क्षेत्र के गांव कादरपुर के आठ लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। जबकि हसनपुर में ही भर्ती है।
नरौली क्षेत्र की गांव कादलपुर निवासी मुकेश गुप्ता, परिजन व गांव के लोगों के साथ दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल हो गए थे। रात को ही अपनी गाड़ी से दिल्ली से वापस घर आ रहे थे। हसनपुर से संभल मार्ग पर आते समय शुगर मिल कालाखेड़ा के पास उनकी गाड़ी आगे जा रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई।
हादसे में गाड़ी चला रहा गांव बैटला निवासी गुफरान, गांव कादलपुर निवासी मुकेश गुप्ता, नरेन्द्र दिवाकर, अनिल कुमार, यशपाल दिवाकर, आदेश पाल, आकाश कुमार , धर्मपाल घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हसनपुर सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने गुफरान को भर्ती कर लिया तथा अन्य सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।