बनियाठेर। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बाबई में पति की मौत के आठ माह बाद ही अवसाद में चल रही महिला पूजा (35) ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। मृतका के पिता के आग्रह पर पुलिस ने बिना कार्रवाई के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्रयागराज के जिला फतेहपुर के थाना लालोरी क्षेत्र के गांव समदपुर निवासी पूजा की शादी 12 साल पहले गांव मोहम्मदपुर बाबई में वीरपाल से हुई थी। दो बच्चे बेटी मनी (9) और बेटा रविकांत (7) हैं। आठ माह पहले बीमारी के चलते पति वीरपाल की मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार की सुबह कमरे में कुंडे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटी मनी ने अपनी मां को कुंडे से लटका देखा तो उसने शोर मचा दिया।
बच्चों का शोर शराबा सुनकर पास-पड़ोस के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस को घटना से अवगत कराया। बताया जाता है कि बीमारी के चलते आठ माह पहले पति की मौत के बाद से पूजा अवसाद में थी, जिससे उसने ऐसा कदम उठाया। महिला के अन्य दो देवर पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिजनों व मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी गई।
शाम चार बजे करीब बिना मायके से आए पिता के आग्रह पर पुलिस ने बिना कार्रवाई के शव परिजनों को सौंदा दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मृतका के पिता ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई।