असमोली। थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। ऐचोड़ा कंबोह-मनौटा रोड पर कुत्ते से टकराकर एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक ई-रिक्शा के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव महमूद नगर निवासी शराफत हुसैन अपने ई-रिक्शा से अपनी आटा मिल पर काम करने जा रहे थे। जैसे ही वह मनौटा पुल से थोड़ा आगे दवोई खुर्द की ओर बढ़े, तभी अचानक सड़क पर सामने से एक कुत्ता ई-रिक्शा के आगे आ गया।
कुत्ते के टकराते ही ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। शराफत हुसैन ई-रिक्शा के नीचे दब गए और घायल हो गए।हादसा देख आसपास से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत ई-रिक्शा को सीधा कर शराफत को नीचे से निकाला। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें इलाज के लिए ले गए।