संभल। हसनपुर मार्ग पर एआर रिसोर्ट के सामने शनिवार को देर शाम करीब सात बजे ई-रिक्शा में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में असमोली थाना क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर नियावली निवासी ई रिक्शा चालक उमेश (25) की मौत हो गई जबकि पांच महिला यात्री घायल हुईं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार शुरू हुआ।गांव रुस्तमपुर नियावली के विकास ने बताया कि भाई उमेश शनिवार को शाम ई-रिक्शा से सवारियों को लेकर जा रहा था। नखासा थाना क्षेत्र में एआर रिसोर्ट के सामने पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उमेश के अलावा यात्री हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव चपतियों की मढ़ैया की अमीर जहां, शबीना, गांव रुस्तमपुर नियावली की मेहराज जहां, इनकी बेटी फिरदौस और गांव खग्गूपुरा की काजल भारती घायल हो गईं।
सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उमेश को मृत घोषित कर दिया जबकि घायलों का उपचार शुरू हुआ। उमेश की मौत पर पत्नी शिवानी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। उमेश की दो बेटी वंशिका और अंशिका हैं। कोतवाल संदीप बालियान ने बताया कि उमेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जिस वाहन ने टक्कर मारी है उसकी तलाश की जा रही है।