बहजोई। दूध के वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक गांव बेहटा जयसिंह निवासी राजकुमार (32) की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा सवार उसकी पत्नी चित्रा व बेटी ज्योति समेत महिला भागवती व मीना घायल हो गए। इसके अलावा गांव शेरुआ निवासी दूध वाहन चालक बब्लू को भी चोट आई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह पंवार ने हादसे की जानकारी ली। हादसा शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे बहजोई-संभल मार्ग पर गांव बेहटा जयसिंह के निकट हुआ। इस बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
परिजनों के मुताबिक राजकुमार अपनी पत्नी, बेटी और गांव की अन्य दो महिलाओं के साथ ई-रिक्शा से निकट के खेत में गेहूं की फसल काटने जा रहा था। रास्ते में पानी लेने के लिए उसने ई-रिक्शा रोक कर सड़क किनारे खड़ा कर लिया। इस बीच बहजोई से संभल की ओर जा रहे दूध वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं राजकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इनमें उसकी पत्नी, बेटी और दूध वाहन के चालक बब्लू को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं महिला भागवती व मीना को परिजन उपचार के लिए चंदौसी ले गए। ग्रामीणों का कहना था कि राजकुमार की मौत से परिवार पर भरण-पोषण का संकट है।
प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि चालक व वाहन पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।