संभल। पवांसा विकासखंड के गांव नूरियो सराय और सैफ खां सराय में चंदौसी मार्ग पर गंदगी के अंबार लगे हैं। जहां एक ओर शासन की ओर से लॉकडाउन अवधि में सफाई, पेयजल और सैनिटाइजेशन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हुए हैं। वहीं दूसरी ओर मुख्य मार्ग किनारे लगे यह गंदगी के ढेर शासन के आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। संचारी रोग फैलने की आशंका है। लोगों में गंदगी केे लेकर रोष है। इस ओर ग्राम प्रधान और विकासखंड के जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे। बरसात के बाद यह गंदगी मुख्य मार्ग पर फैल जाती है। दरअसल गांव नूरियो सराय और सैफखां सराय का कूड़ा चंदौसी मुख्य मार्ग पर फेंका जा रहा है। दोनों ग्राम पंचायतों ने मुख्य मार्ग को डंपिंग ग्राउंड बना दिया है जबकि इस कचरे से उठती दुर्गंध राहगीरों के लिए मुश्किल खड़ी करती है। साथ ही ग्रामीणों के लिए भी संचारी रोग फैलने का खतरा है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर काफी समय से कूड़ा डाला जा रहा है। इसको हटाया नहीं जा रहा। इस कूड़े से जो दुर्गंध उठती है उससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। वहीं दूसरी ओर इस कूड़े से हो रही गंदगी से संक्रमित बीमारियों के फैलने का अंदेशा है। शासन ने सप्ताह में दो दिवसीय लॉकडाउन लागू किया है। इस लॉकडाउन के लागू करने का उद्देश्य संचारी रोगों पर रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करना है। साथ ही सैनिटाइजेशन करना है। जिससे संचारी रोग न फैल सकें लेकिन ग्राम पंचायतों पर ऐसी कोई पहल नहीं हो रही।