चंदौसी (संभल)। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में बोलेरो शुक्रवार की सुबह छह बजे घने कोहरे में रोडवेज बस से भिड़ गई। इससे बोलेरो में सवार एक परिवार के चार लोगों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। वह लोग अलीगढ़ के कस्बा भिनौली से नैनीताल में सत्संग में शामिल होने जा रहे थे। बोलेरो में 19 लोग सवार थे। हादसे में बोलेरो के अलावा टक्कर मारने वाली सिकंदराबाद डिपो की बस दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। मरने वालों में दो साल की मासूम बालिका, एक किशोरी और दो महिलाएं समेत समेत आठ लोग शामिल हैं। इसमें छह लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दो ने मुरादाबाद जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों का मुरादाबाद में इलाज चल रहा है।
अलीगढ़ के विजयगढ़ थाना क्षेत्र के कस्बा बिनौली निवासी सोरन सिंह नैनीताल में किसी धर्मगुरु के शिष्य हैं। उन्होंने भैयादूज पर गुरु के सत्संग में शामिल होने की योजना बनाई थी। उनके रिश्तेदार भी गुरुवार की शाम को उनके घर भिनौली पहुंच गए थे। शुक्रवार की सुबह साढ़े चार बजे सोरन सिंह अपनी बोलेरो से नैनीताल जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे के करीब बोलेरो में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में गुन्नौर से तीन किमी पहले ही काली देवी मंदिर के पास सामने से परिवहन निगम के सिकंदराबाद डिपो की एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सोरन सिंह (55) पुत्र रामेश्वर, उनकी पौत्री अनुष्का पुत्री दिनेश कुमार, हरदेवी (65) पत्नी स्व महेंद्र पाल निवासी थाना नहरारा गांव धरपसी, एटा, बिनौली के अशोक कुमार (40) पुत्र गामलाल सिंह, हाथरस जिले के हसायन थाना क्षेत्र के नगला पटवारी गांव निवासी चंद्रकला (60) पत्नी ओमप्रकाश, उनका बेटा राजेश (35) की मौके पर ही मौत हो गई। रवि (26) और सरस्वती (17) ने मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान तेज आवाज होने पर आसपास के लोग बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर गुन्नौर पुलिस के साथ सीओ व पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। स्थानीय निजी चिकित्सकों को बुलाकर फर्स्ट एड दिलाकर सभी घायलों को मुरादाबाद रेफर कर दिया। इसमें सोरन सिंह के पुत्र रवि कुमार (26), पुत्री सरस्वती (17) ने मुरादाबाद जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है। इसमें सोरन सिंह सहित उनके परिवार में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि एक मां-बेटे की मौत हुई है। एसपी यमुना प्रसाद का कहना है कि सुबह कोहरे की वजह से हादसा हुआ है।
अस्पताल पहुंचने तक बहन-भाई ने तोड़ा दम
मुरादाबाद। गुन्नौर में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में जख्मी बहन-भाई की जिला अस्पताल पहुंचने तक मौत हो गई। दो मासूम सहित दस लोग हादसे में जख्मी हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।
गुन्नौर में रोडवेज से बोलेरी की टक्कर होने पर जख्मी हुए लोगों को वहां से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टराें ने रवि (26), सरस्वती (17) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में राजश्री उर्फ राजेश्वरी (35), संदीप (26), मीरा देवी (50), अमृता (4), प्रशांत (12), सचिन (18), रोशनी (14), संजेश (25), आकाश (14), और चार वर्षीय अंसल जख्मी हैं। नोएडा में प्राइवेट नौकरी करने वाले संदीप निवासी ग्राम धरपसी जिला एटा ने बताया कि वह हादसे के वक्त बोलेरो में सवार थे और नैनीताल में गुरुजी से मिलने के लिए पारिवारिक लोगों के साथ जा रहे थे, जब बोलेरो गुन्नौर में पहुंची तो अचानक ही हादसा हो गया। वह मौके पर ही बेहोश हो गए। जिला अस्पताल में उपचार मिलने के बाद उनको होश आया तो बगल के ही बेड पर मौसी राजश्री को भी उन्होंने जख्मी देखा। जिला अस्पताल में घायलों के पहुुंचने के बाद घंटों चीख पुकार मची रही। हादसे की खबर के बाद घायलों से मिलने के लिए उनके रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचे। अपनों को गंभीर जख्मी देख वह भी सहम गए।
मृतकों और घायलों की सूची-गुन्नौर हादसा
मृतकों की सूची
1-सोरन सिंह (55) पुत्र रामेश्वर सिंह, भिनौली, अलीगढ़
2-रवि कुमार (26) पुत्र सोरन सिंह भिनौली, अलीगढ़
3-सरस्वती (17) पुत्री सोरन सिंह भिनौली, अलीगढ़
4-अनुष्का (दो) पुत्री दिनेश कुमार भिनौली अलीगढ़
5-चंद्रकला (55) पत्नी ओमप्रकाश नगला पटवारा-हाथरस
6-राजेश कुमार (35) पुत्र ओमप्रकाश नगला पटवारा-हाथरस
7-हर देवी (65) पत्नी महेंद्र सिंह मारहरा, धरपसी एटा
8-अशोक कुमार (40) पुत्र गाम लाल सिंह भिनौली-अलीगढ़
घायलों की सूची-
1-मीरा देवी पत्नी सोरन सिंह भिनौली अलीगढ़
2-प्रशांत पुत्र सोरन सिंह भिनौली अलीगढ़
3-राजेश्वरी पत्नी भीकेंद्र सिंह, धरपसी, एटा
4-रोशनी पुत्री भीकेंद्र सिंह धरपसी, एटा
5-अमृता पुत्री भीकेंद्र सिंह धरपसी, एटा
6-संदीप पुत्र मलखान सिंह धरपसी, एटा
7-सचिन पुत्र मलखान सिंह धरपसी, एटा
8-अभिषेक पुत्र अशोक कुमार, भिनौली, अलीगढ़
9-संजेश पत्नी दिनेश कुमार भिनौली, अलीगढ़
10-देव पुत्र दिनेश कुमार भिनौली अलीगढ़