गवां (संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र में गवां-बबराला मार्ग पर गांव केसरपुर के येी अज्ञात वाहन की टक्कर से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराने के बाद खंदक में जा घुसी। हादसे में एक परिवार की तीन महिलाएं समेत चार लोग घायल हो गए।
शुक्रवार की दोपहर एक बजे के करीब अमरोहा जिले के थाना रहरा अंतर्गत गांव बुरावली निवासी मोहम्मद अली अपनी पत्नी शमा, मां कल्लो बेगम, बहन परवीन के साथ कार में सवार होकर बुलंदशहर के गांव आहार जा रहे थे। गवां-बबराला मार्ग पर केसरपुर गांव के निकट पहुंचे तो पीछे से अज्ञात वाहन ने साइड मार दी। इससे कार अनियंत्रित हुई और खंदक में घुस गई। कार चला रहे मोहम्मद अली, पत्नी शमा, मां कल्लो बेगम और बहन परवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 ने राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी रजपुरा में भर्ती कराया है। हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।