चंदौसी। मंगलवार को तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है।
किसान खेतों में खड़ी पकी फसल की कटाई को लेकर बेहद परेशान हैं। बरसात से भीगी फसल को काट पाना अब संभव नहीं हो पा रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो गेहूं और मक्का की फसल को काफी नुकसान हो सकता है। रविवार को शहर व आसपास के क्षेत्र में हल्की बूंदें ही पड़ीं। हालांकि, हवा लगातार चलती रही और आसमान में बादल छाए रहे।
बहजोई क्षेत्र के ग्राम भवन, परतापुर व किसौली, अतरासी व राजपुर में हल्की बूंदाबांदी के साथ ओले भी पड़े। इससे क्षेत्र के किसानों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। तेज हवा के साथ मंगलवार की शाम को भी हल्की बरसात हुई, जिससे ठंड का अहसास होने लगा।
खेतों में पकी खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। इसके साथ ही मक्का और विभिन्न प्रकार की सब्जियों को भी क्षति पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। किसान इस अप्रत्याशित मौसम से काफी चिंतित हैं। वे इंद्रदेव से अपनी फसलों पर रहम करने की प्रार्थना कर रहे हैं।
मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन पर भी असर पड़ा है। ठंड का अहसास होने के कारण लोगों ने राहत महसूस की है। जिन घरों और प्रतिष्ठानों में कूलर और एसी चल रहे थे, वहां शाम के बाद पंखे भी बंद करने पड़े।