संभल। संभल-मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव फिरोजपुर के नजदीक डीजल टैंकर और ट्रक आगे पीछे से भिड़ गए। इसमें डीजल टैंकर के चालक को गंभीर चोट लगी है। चालक ने किसी तरह यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। चालक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसा रविवार की सुबह करीब पांच बजे हुआ।
बुलंदशहर के गांव बासापुर पचकाई निवासी डीजल टैंकर चालक राजेश पुत्र रामवीर ने बताया कि वह हरियाणा के रेवाड़ी से डीजल लेकर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जा रहा था। जैसे ही सुबह करीब पांच बजे संभल के मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव फिरोजपुर के नजदीक पहुंचा तो आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेक ले लिए। जिससे डीजल का टैंकर टकरा गया। गनीमत रही हादसे के बाद टैंकर पलटा नहीं। यदि पलट जाता तो हादसा बड़ा हो सकता था।
चालक ने बताया कि वह किसी तरह टैंकर से बाहर निकला और यूपी112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चालक की ओर से कोई तहरीर पुलिस को अभी नहीं दी गई है।