संभल। पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत संभल नगर में पेयजल की आपूर्ति में सुधार आएगा। इसके लिए जल निगम ने 170 करोड़ रुपये से काम शुरू कराए हैं। इस योजना के तहत वार्डों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के साथ ही ओवरहेड टैंकों का निर्माण कराया जाएगा। शहजादी सराय और बेगम सराय में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू कराया है।
पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत नगर पालिका के सभी 37 वार्डों में 268 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही, छह ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। बेगम सराय में ओवरहेड टैंक का निर्माण होने लगा है। शहजादी सराय में पाइप लाइन बिछाई जा रही है। जल निगम के द्वारा यह कार्य कराया जा रहा है। इससे शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जिनके इलाके में पानी की आपूर्ति लंबे समय से नहीं हो पा रही थी।
जल निगम द्वारा 170 करोड़ रुपये इस परियोजना पर खर्च किए जाएंगे। काम के लिए नगर को 14 जोन में बांटा गया है। इसमें सात डेमो जोन हैं। अभी डेमो जोन में ही काम शुरू कराया गया है।
जल निगम के जेई ने बताया कि इस परियोजना के तहत 24 घंटे पानी की आपूर्ति मिलेगी और स्वचालित मशीनों से आपूर्ति होगी। इसमें मैनपावर का कम इस्तेमाल हो सकेगा। इस परियोजना के तहत सात ओवरहेड टैंकों की मरम्मत भी की जानी है।
00000
इन क्षेत्रों में पहली बार बिछेगी पाइपलाइन
संभल। पेयजल योजना को लेकर जो प्रस्ताव बना है, उसके मुताबिक कई ऐसे क्षेत्रों में भी पाइप लाइन बिछाई जाएगी जहां अभी तक नहीं है। जेई जल निगम ने बताया कि शहर के मोहल्ला फतेहउल्ला सराय, बेगम सराय, शहजादी सराय, वाजिदपुरम के कुछ हिस्से के अलावा सरायतरीन और हयातनगर क्षेत्र में भी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यह वह इलाके हैं जहां अभी तक पाइप लाइन नहीं थी। इसके अलावा 26 नए ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे। संवाद
000000
65 हजार घरों को कवर किया जाएगा
पुनर्गठन पेयजल योजना को लेकर 65 हजार घरों को कवर किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत पुराने कनेक्शनों के स्थान पर नए कनेक्शन जारी किए जाने हैं। इतनी बड़ी संख्या में नए कनेक्शन जारी होने से पेयजल को लेकर समस्या समाप्त होने की उम्मीद है।
000000
कोट
ओवरहेड टैंक का निर्माण बेगम सराय में शुरू हो गया है। शहजादी सराय में लाइन बिछाई जा रही है। अभी डेमो जोन में काम शुरू हुआ है। शहर में 14 जोन के अंतर्गत काम कराया जाना है।
राजेंद्र सिंह, एई, जल निगम, नगर