बहजोई (संभल)। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल कार्यक्रम में संभल की पुलिस लाइन का शिलान्यास व साइबर थाने का लोकार्पण किया। वर्चुअल कार्यक्रम को बहजोई पुलिस कार्यालय में लाइव दिखाया गया। डीएम ने कहा कि यह 288 करोड़ का प्रोजेक्ट है, यह जल्द पूरा होगा। जिले के अन्य विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।
बहजोई पुलिस कार्यालय में सीएम के वर्चुअल शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम का बहजोई पुलिस लाइन में लाइव प्रसारण दिखा गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि 13 साल के बाद जिले में पुलिस लाइन का सपना पूरा हो रहा है। पुलिस को सुविधा मिलेगी। आमजन को भी इसका लाभ मिलेगा। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि यह 288 करोड़ का प्रोजेक्ट है। जल्द ही इसे पूरा कराया जाएगा। आवास, प्रशासनिक भवन व अन्य सुविधा बढेगी। विकास की ओर जिला अग्रसर है। जिले में प्रस्तावित जेल, पीएसी, जिला न्यायालय, जिला मुख्यालय की जमीन अधिग्रहित करने व चिह्नित करने के कार्य चल रहे हैं। उन्हें जल्द ही पूरा कराया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, डीएम मनीष बंसल, एसपी कुलदीप सिंह गुनावत, एएसपी अनुकृति शर्मा, सीओ दीपक तिवारी, पूर्व एमएलसी परमेश्वलाल सैनी ने पुलिस लाइन व साइबर थाने के शिलापट का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
पुलिस लाइन में होगी यह सुविधा:
महिला बैरक, पुरुष बैरक, हॉस्पिटल, स्कूल, क्वार्टर दो प्रकार, प्रतिसार निरीक्षक यानी आरआई आवास, तीन आवास सीओ, प्रशासनिक भक्न, क्वार्टर गार्ड, शूटिंग रेंज, परेड ग्राउंड, कैंटीन बनेगी। सिपाही से लेकर सीओ तक के अधिकारी के आवास बनेंगे।
जिले में दो थाने प्रस्तावित, जल्द लाएंगे जाएंगे मूर्तरूप में:
बहजोई। जिले में अब तक 16 थाने हैं। इसके अलावा बबराला और रायसस्ती को थाना बनाया जाना प्रस्तावित है। थाना क्षेत्र के सीमाकंन तैयार कर प्रस्ताव को शासन को जल्द भेजा जाएगा। यह अपराध नियंत्रण में सहायक होंगे।
जिले में इन प्रशासनिक कार्यालयों के बनाने का चल रहा काम
जिला कार्यालय यानी डीएम कार्यालय,पीएसी, जेल, जिला न्यायालय बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें अधिकांश का शासन से धन भी जारी हो गया है। जमीन चिह्नित करने और अधिग्रहित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।