जुनावई के गांव रघुपुर पुख्ता में जल भराव के बीच होकर गुजरते ग्रामीण: स्रोत- ग्रामीण
जुनावई। ब्लॉक जुनावई क्षेत्र के गांव रघुपुर पुख्ता में निकासी बाधित होने से मुख्य मार्ग समेत गांव की गलियों में जलभराव के साथ कीचड़ पसर गया है। ग्रामीण कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरने को मजबूर हैं। ग्रामीण कई बार ब्लॉक अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। समाधान नहीं हो सका।गांव रघुपुर पुख्ता में कई माह से घरों से निकल रहे गंदे पानी की निकासी बाधित है। इससे गांव के मुख्य मार्ग समेत कई गलियों में जलभराव के साथ कीचड़ है। आलम ये है कि जलभराव से बचने के लिए सड़क के साइडों से भी लोग नहीं निकल पा रहे हैं। मजबूरन उन्हें जलभराव के बीच से होकर आना जाना पड़ता है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आने जाने में ज्यादा दिक्कत हो रही है। जलभराव में सड़क के गड्ढे नजर नहीं आते और लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
गांव के नरेश, चंद्रकेश, रामकिशोर, दृगपाल आदि ग्रामीणों ने बताया इस संबंध में ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और ब्लाक अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। हर बार आश्वासन ही मिलता है। समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो सका है। सड़क पर पानी भरे होने के कारण मलेरिया, डेंगू जैसी घातक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। ग्राम प्रधान की तरफ से लगातार लापरवाही बरतने के कारण गांव में गंदगी फैलने से संचारी रोग फैलने का लगातार खतरा बना हुआ है।
गांव रघुपुर पुख्ता की जलभराव की समस्या को दूर किए जाने के लिए कुछ माह पहले बैठक कर ग्राम प्रधान और सचिव को आदेश दिया गया था। एक सप्ताह में समस्या दूर न होने पर ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अखिलेश कुमार, बीडीओ, जुनावई