बहजोई (संभल)। दहेज उत्पीड़न के मामले में पति समेत आठ ससुराल वालों के खिलाफ एसपी के आदेश पर महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने एसपी को तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया कि करीब सवा दो वर्ष पहले उसकी शादी बहजोई के ही एक युवक से हुई थी। शादी में पिता ने करीब 15 लाख रुपये खर्च कर ससुराल वालों को नकदी समेत बाइक, जेवर व अन्य कीमती कपड़े आदि दिए थे। बावजूद इसके पति व ससुराल वाले 10 लाख रुपये के प्लॉट की और मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद समझौता होने पर वह फिर ससुराल में रहने लगी। महिला के मुताबिक पति बाहर दूसरे नगर में काम करते हैं। करीब तीन माह पहले वह अकेली घर में सो रही थी, तभी जेठ उसके कमरे में आ गए और जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपने पिता को घटना की जानकारी दी। इस पर पति व ससुराल वालों ने फिर उसे घर से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुर, सास, जेठ, जेठानी व तीन ननदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।