परचून की दुकान में रखे मिले घरेलू गैस सिलिंडर
फोटो:
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा में परचून की दुकान पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। पवांसा में किरारी मार्ग पर परचून की दुकान के बाहर प्रशासन को घरेलू एलपीजी सिलिंडर मिले हैं। अग्निशमन अधिकारी की जांच पड़ताल में 9 भरे हुए और 11 खाली सिलिंडर व गाड़ियों में करने वाली मशीन मिली है। अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद इन्हें कब्जे में लिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा में किरारी मार्ग पर नजदीक संजीव गुप्ता की परचून की दुकान है। दुकान से गाड़ी में गैस रिफिल के अलावा मिठाई भी बेची जा रही है। यही नहीं, एलपीजी के घरेलू सिलिंडर की बिक्री की जा रही है। बताते हैं कि कई वर्षों से यह धंधा चल रहा था। एक अनुमान के मुताबिक गांव में करीब आधे दर्जन से ज्यादा परचून की दुकान पर घरेलू एलपीजी सिलिंडर की बिक्री की जाती है। शुक्रवार को पवांसा पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने दुकान के बाहर घरेलू एलपीजी सिलिंडर रखे देखें तो रुक गए। तत्काल दुकानदार से एलपीजी घरेलू सिलिंडर के बारे में जानकारी ली। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर जांच शुरू की गई। जिला पूर्ति अधिकारी और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद अधिकारियों ने निरीक्षण किया। परचून की दुकान के अंदर काफी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलिंडर रखे हुए थे। जिसमें 9 भरे, 11 खाली और 3 सिलिंडर 5 किलोग्राम के बरादम हुए। इसी के साथ गाड़ियों में गैस रिफिल करने वाली एक मशीन भी मिली। सभी को प्रशासन ने कब्जे में लिया। जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडर को वाहनों के लिए बेचने व छोटे सिलिंडर में भरने, होटलों में व्यावसायिक रूप से उपयोग करने व खाना पकाने के अतिरिक्त अन्य कार्यों में घरेलू गैस का उपयोग किया जाना द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस ((प्रदाय एवं वितरण विनियमन)) आदेश 2000 का उल्लंघन है। आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत संजीव गुप्ता के खिलाफ बहजोई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।