चंदौसी (संभल)। मोहल्ला हाता नखासा में घर के बाहर खेल रहे एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों पर दो कुत्ताें ने हमला बोल दिया। कई जगह दांतों से काटकर जख्मी कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बच्चों को मुश्किल से कुत्तों से छुड़ाया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना चंदौसी के मोहल्ला हाता नखासा निवासी अतीक का पांच वर्षीय बेटा उबान, रफीक की तीन वर्षीय बेटी आफिया सोमवार की दोपहर करीब एक बजे घर के पास रास्ते में खेल रहे थे। इसी दौरान कुत्तों के एक झुंड ने दोनों बच्चों पर हमला कर घायल कर दिया। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए और उन्होंने बच्चों को मुश्किल से कुत्तों के हमलाें से बचाया।
कुत्तोंं ने उबान के चेहरे, आंख, माथे व हाथ पर काटकर जख्मी कर दिया। दूसरी बच्ची आफिया के कान के नीचे काट लिया। लोगों ने बच्चों को बचाकर परिजनों को सूचना दी। बच्चों की मां नेहा व इल्मा उन्हें लेकर तुरंत ही सीएचसी पहुंचीं। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बच्चों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।