मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद चेते पुलिस-प्रशासन ने महिला की जमीन पर हुए कब्जे को पूरी तरह हटवा दिया है। शनिवार को डीएम मनीष बंसल और एसपी चक्रेश मिश्र ने महिला से मुलाकात की और कार्रवाई को लेकर जानकारी ली। महिला ने कहा कि वह पुलिस प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उसकी जमीन से पूरी तरह कब्जा नहीं हटाया गया है।
डीएम ने गुन्नौर एसडीएम संदीप कुमार वर्मा से तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की निगरानी में कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। महिला की जमीन पर बाउंड्री भी बनवा दी गई है। जिससे बाद में कोई विवाद ही न हो। जुनावई थाना क्षेत्र के गांव अहरौला नवाजी निवासी रामजलेबी (45) ने मंगलवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में शिकायत की थी। जिसमें कहा था कि उसकी करीब डेढ़ बीघा जमीन पर पूर्व प्रधान ने कब्जा कर लिया है और विरोध करने पर मारपीट की और छेड़खानी के मुकदमे फंसवा दिया। पुलिस ने भी सुनवाई नहीं की।
मुख्यमंत्री के संज्ञान लेेने के बाद जुनावई चौकी के तत्कालीन चौकी प्रभारी राजेश पांडेय और वीरेंद्र प्रकाश को निलंबित कर दिया गया। वर्तमान में यह दोनों दरोगा मुरादाबाद जिले में तैनात हैं। साथ ही महिला की जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई बृहस्पतिवार को हुई लेकिन महिला इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थी। डीएम मनीष बंसल और एसपी मौके पर पहुंच गए। इसी क्रम में शनिवार को पूरी तरह कब्जा हटा दिया गया। साथ ही बाउंड्री भी करा दी गई है। अब रामजलेबी का कहना है कि वह जुलाई 2021 से जमीन पर हुए कब्जे को लेकर परेशान थीं। अब उन्हें न्याय मिला है। जमीन पूरी तरह कब्जा मुक्त हो गई है। अब वह कार्रवाई से संतुष्ट हैं।